कोयल की मीठी बोली में,ऐसा भाव समाता है

गीत-✍️उपमेंद्र सक्सेना एडवोकेट

कोयल की मीठी बोली में,ऐसा भाव समाता है
अब बसंत का मौसम मन में, नयी उमंगें लाता है।
💐💐
बौर आम के पेड़ों पर है,जिसकी मधुर गंध बिखरी
सरसों पर पीले फूलों से,इतनी सुंदरता निखरी 
आज हरी साड़ी पर जिसने,ओढ़ी है पीली चादर
ऐसी धरती पर पाते हैं,कामदेव-रति अब आदर
💐💐
भौंरा तो मकरंद यहाँ पी,मस्ती में भर जाता है
अब बसंत का मौसम मन में, नयी उमंगें लाता है।
💐💐
वृक्ष, लताओं, पौधों पर हैं,तरह-तरह के फूल खिले
मँडराती तितलियाँ वहाँ पर,नर- नारी भी हिले-मिले
मधुमक्खी भी फूलों से अब,जी भर रस को पाती हैं
इसीलिए इस मौसम में वे,मधु भी खूब बनाती हैं
💐💐
चिड़ियों का चूँ- चूँ करना भी, सबको इतना भाता है
अब बसंत का मौसम मन में, नयी उमंगें लाता है।
💐💐
विद्या की देवी का पूजन,जो बसंत में करते हैं
उनकी बुद्धि ठीक रहती है,बिगड़े काम सँवरते हैं
सुस्ती और उदासी अब तो,नहीं कहीं भी दिखती है
आज लेखनी अनायास ही,गौरव- गाथा लिखती है
💐💐
पीले कपड़े पहन यहाँ पर,कोई रास रचाता है
अब बसंत का मौसम मन में, नयी उमंगें लाता है।
💐💐
आज रबी की फसल देखकर, सब किसान हैं झूम रहे
जीवन में रस जिनके भरता,वे किस्मत को चूम रहे
घर- घर में उत्सव है होता,आज सुहाना पवन चला
सूरज भी कुछ गर्मी देता,लगता सब के लिए भला
💐💐
मधुरिम सपनों को लेकर जो, आज यहाँ पर आता है
अब बसंत का मौसम मन में, नयी उमंगें लाता है।
💐💐
 रचनाकार- उपमेंद्र सक्सेना एड०
 'कुमुद- निवास' 
बरेली, (उ० प्र०) 
मोबा० नं०- 98379 44187

 (आकाशवाणी, बरेली से प्रसारित रचना)

   10
5 Comments

अदिति झा

22-Feb-2023 04:56 PM

Nice

Reply

Gunjan Kamal

20-Feb-2023 11:48 AM

बहुत खूब

Reply

Renu

19-Feb-2023 06:24 PM

👍👍🌺

Reply